पौड़ी गढ़वाल: जिले के पाबौ ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक नर्सिंग स्टाफ द्वारा कथित रूप से नशीले पदार्थ के सेवन के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा करने का मामला सामने आया है…
Drunk Nursing Staff Creates Ruckus at Pabau Health Center
पाबौ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्टाफ कर्मी पर मंगलवार रात्रि को शराब के नशे में अस्पताल परिसर में अभद्र व्यवहार और हुड़दंग करने का आरोप लगा है। घटना के बाद अस्पतालकर्मियों में आक्रोश है और उन्होंने सीएमओ से मुलाकात कर सुरक्षित कार्य वातावरण की मांग की है।
परिजनों ने की प्रबंधन से शिकायत
अस्पताल प्रभारी डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि घटना के समय अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों ने इसकी शिकायत अस्तपाल प्रबंधन से की। आरोप है कि संबंधित कर्मचारी नशे की हालत में स्टाफ व प्रभारी के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा, जिससे अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। अस्पताल प्रशासन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर मामले की लिखित शिकायत चौकी पाबौ में दर्ज कराई गई।
डॉ. पंकज ने बताया कि बुधवार को अस्पताल के कर्मी मुख्य चिकित्सा अधिकारी से मिलने पौड़ी पहुंचे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव प्रसाद शुक्ला ने मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर संबंधित नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की बात कही है। इस मामले में विभागीय जांच भी शुरू की जाएगी।