उत्तराखंड पिथौरागढ़Power Outage Alert in two district of Uttarakhand

उत्तराखंड: इन दो जिलों में आज नहीं आएगी बिजली, पानी भी बंद.. विकास से जुड़ा है कारण

पिथौरागढ़ के चंडाक पावर ग्रिड में अंतिम परीक्षण और कमीशनिंग के चलते आज दो जिलों में सुबह 8 से शाम 5 बजे तक बिजली कटौती रहेगी। जलापूर्ति और घरेलू सुविधाएं प्रभावित हो सकती हैं।

Power Outage Alert : Power Outage Alert in two district of Uttarakhand
Image: Power Outage Alert in two district of Uttarakhand (Source: Social Media)

पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के चंडाक स्थित पावर ग्रिड विद्युत उप संस्थान में बस बार का अंतिम परीक्षण (Final Testing) और कमीशनिंग कार्य किया जाना है। इसके चलते रविवार, 1 फरवरी को पिथौरागढ़ और चंपावत जिलों में सुबह से शाम तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

Power Outage Alert in two district of Uttarakhand

चंडाक स्थित पावर ग्रिड के 220/132 केवी उप संस्थान में पिछले वर्ष 28 दिसंबर को नए सुरक्षा उपकरण स्थापित किए गए थे। उस समय भी दोनों जिलों में पूरे दिन बिजली कटौती करनी पड़ी थी। अब इन उपकरणों को लगे एक माह पूरा हो चुका है और रविवार को इनका अंतिम परीक्षण और कमीशनिंग किया जाएगा। इसी कारण पूरे दिन विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाएगी।

पानी की आपूर्ति पर भी पड़ेगा असर

पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में घाट और आंवलाघाट योजनाओं से जलापूर्ति की जाती है, जो पूरी तरह बिजली पर निर्भर हैं। इसके अलावा बेरीनाग, गंगोलीहाट और डीडीहाट जैसे नगरों में भी पानी पंपिंग के जरिए आपूर्ति होती है। पूरे दिन बिजली कटौती रहने से इन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। सर्द मौसम के बीच पूरे दिन बिजली बंद रहने से लोगों को हीटर, गीजर, अन्य घरेलू विद्युत उपकरण का उपयोग नहीं मिल पाएगा। इससे खासकर बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।

किन क्षेत्रों में रहेगी बिजली बाधित, किन्हें मिलेगी राहत

ऊर्जा निगम पिथौरागढ़ के अधिशासी अभियंता नितिन गर्खाल ने जानकारी दी कि पिथौरागढ़, गंगोलीहाट, बेरीनाग और डीडीहाट क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। हालांकि बरम उप संस्थान से आपूर्ति जारी रहने के कारण धारचूला और मुनस्यारी क्षेत्रों में बिजली कटौती नहीं होगी। नितिन गर्खाल ने बताया कि अल्मोड़ा से बैक फीड लेने का प्रयास किया जाएगा। पावर ग्रिड से भी अनुरोध किया गया है कि कार्य कम से कम समय में पूरा किया जाए। ताकि उपभोक्ताओं को कम से कम असुविधा हो।

सुबह 8 से शाम 5 बजे तक कटौती

ऊर्जा निगम के अनुसार, पावर ग्रिड की मांग पर 33 केवी उप संस्थान से जुड़े पिथौरागढ़ क्षेत्र और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। निगम ने उपभोक्ताओं से इस आवश्यक अपग्रेडेशन कार्य में सहयोग की अपील की है।

अपग्रेडेशन जरूरी, भविष्य में मिलेगा लाभ

ऊर्जा निगम का कहना है कि यह तकनीकी कार्य भविष्य में विद्युत आपूर्ति की विश्वसनीयता, सुरक्षा और लोड प्रबंधन को बेहतर बनाएगा। इसलिए अस्थायी असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील की गई है।