देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार सुबह 11 बजे सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक शुरू हो गई है। बैठक में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, गणेश जोशी और सुबोध उनियाल सहित अन्य मंत्री मौजूद हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी विधानसभा बजट सत्र की तिथियों और स्थान को लेकर बड़ा ऐलान हो सकता है।
important meeting of Dhami cabinet has begun
गौरतलब है कि 15 फरवरी को हुई पिछली कैबिनेट बैठक में मंत्रिमंडल ने विधानसभा बजट सत्र की तिथि और स्थान तय करने का अधिकार मुख्यमंत्री को सौंप दिया था। राज्य सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि आगामी बजट सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आयोजित किया जाएगा, लेकिन अब तक सत्र की तारीखों का औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में बुधवार यानि आज की बैठक में इस पर अंतिम निर्णय संभव माना जा रहा है।
विभागीय नियमावलियों में संशोधन पर चर्चा
कैबिनेट बैठक के दौरान शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और ऊर्जा विभाग से जुड़ी संशोधित नियमावलियों समेत कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा, विभिन्न विभागों से जुड़े प्रशासनिक सुधारों और नीतिगत फैसलों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
स्वास्थ्य विभाग के अहम प्रस्ताव
सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के दो बड़े प्रस्ताव आज कैबिनेट में रखे जा सकते हैं।
चारधाम यात्रा को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए डॉक्टरों का अलग कैडर बनाने का प्रस्ताव।
बॉन्डधारी डॉक्टरों के लिए पीजी कोर्स अध्ययन नीति से जुड़ा मसौदा, जिस पर कैबिनेट की मंजूरी मिल सकती है।
धार्मिक स्थलों में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर हो सकती है चर्चा
राज्य में कुछ प्रमुख धार्मिक और पौराणिक स्थलों पर गैर-हिंदुओं के प्रवेश को लेकर चल रही मांग के मद्देनज़र, इस विषय पर भी कैबिनेट बैठक में चर्चा संभव है।
हरिद्वार के हरकी पैड़ी में लंबे समय से गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग उठती रही है।
गंगोत्री धाम में मंदिर समिति पहले ही गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक का निर्णय ले चुकी है।
वहीं, बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अधीन आने वाले मंदिरों में भी आगामी बोर्ड बैठक में ऐसे ही निर्णय की संभावना जताई जा रही है।
पर्यटन नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव
कैबिनेट बैठक में पर्यटन विभाग की नियमावली में संशोधन से जुड़े प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है। इसका उद्देश्य राज्य में निवेश को बढ़ावा देना और नए पर्यटन स्थलों के विकास को गति देना बताया जा रहा है।
वित्त विभाग कर रहा है बजट सत्र की तैयारी
वित्त विभाग पहले ही आगामी बजट सत्र की रूपरेखा तैयार करने में जुटा है। सभी विभागों से प्रस्ताव मांगे जा चुके हैं और वर्तमान में विभागवार चर्चा चल रही है। कैबिनेट बैठक में इन तैयारियों की समीक्षा भी की जा सकती है।
आज की कैबिनेट बैठक उत्तराखंड की राजनीति और प्रशासनिक दिशा तय करने के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है। बजट सत्र की तिथियों से लेकर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और धार्मिक स्थलों से जुड़े मुद्दों पर लिए जाने वाले फैसले राज्य की नीति और प्रशासन पर दूरगामी असर डाल सकते हैं।