देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने आखिरकार करवट ले ली है। जैसे ही पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हुई, ऊंचाई वाले इलाकों में सफेद चादर बिछ गई और शानदार नजारे सामने आने लगे। उत्तराखंड के केदारनाथ, तुंगनाथ, चकराता से लेकर गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा तक बर्फ गिरने से ठंड में इजाफा हुआ है। वहीं, लंबे इंतजार के बाद बर्फबारी होते ही पर्यटन स्थलों पर उत्साह और रौनक लौटती दिखाई दे रही है।
Snowfall occurred in the mountains of Uttarakhand
शुक्रवार को प्रदेश में मौसम बदलते ही चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई सहित आसपास की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद परत से ढक गई हैं। बर्फबारी के बाद पूरा इलाका बेहद आकर्षक नजर आने लगा है और पहाड़ों का दृश्य किसी पोस्टकार्ड जैसा लग रहा है। चकराता पहुंचे पर्यटकों में बर्फबारी शुरू होते ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बर्फ के बीच सैलानी नाचते-झूमते और तस्वीरें लेते नजर आए। लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि यह बर्फबारी आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने में मददगार साबित होगी।