उत्तराखंड देहरादूनIMA Passing Out Parade 2025

देहरादून: IMA पासिंग आउट परेड आज, 525 जांबाज बनेंगे सैन्य अधिकारी.. ट्रैफिक प्लान देख लीजिये

भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में परेड, पीपिंग और शपथ ग्रहण समारोह के सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही कुल 525 ऑफिसर कैडेट्स अपने सैन्य प्रशिक्षण को पूरा कर सेना में शामिल होंगे।

IMA POP 2025: IMA Passing Out Parade 2025
Image: IMA Passing Out Parade 2025 (Source: Social Media)

देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में बहुप्रतीक्षित पासिंग आउट परेड (POP) का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी बतौर रिव्यूइंग अफसर परेड का निरीक्षण करेंगे और प्रशिक्षण पूरा कर रहे ऑफिसर कैडेट्स की सलामी लेंगे।

IMA Passing Out Parade 2025

आज शनिवार, 13 दिसंबर को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय सेना को बड़ी संख्या में नए युवा सैन्य अधिकारी प्राप्त होंगे। भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में परेड, पीपिंग और शपथ ग्रहण समारोह के सफलतापूर्वक संपन्न होने के साथ ही कुल 525 ऑफिसर कैडेट्स अपने सैन्य प्रशिक्षण को पूरा कर सेना में शामिल होंगे। इन 525 कैडेट्स में से 491 युवा अधिकारी भारतीय थल सेना का हिस्सा बनेंगे और देश की रक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही 34 ऑफिसर कैडेट 14 मित्र देशों की सेनाओं में शामिल होकर अपने-अपने देशों की सेवा करेंगे। यह आयोजन न केवल भारतीय सेना की शक्ति को बढ़ाएगा, बल्कि भारत और मित्र देशों के बीच सैन्य सहयोग और मैत्री को भी और अधिक मजबूत करेगा।

विशेष यातायात प्रबंध

इस पासिंग आउट परेड के सफल आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आईएमए परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। परेड के दिन आईएमए के आसपास का क्षेत्र ‘जीरो जोन’ रहेगा, जहाँ आम नागरिकों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया जाएगा।

परेड स्थल की ओर नहीं जाएंगे वाहन

पुलिस प्रशासन ने पीओपी को लेकर विस्तृत डायवर्जन प्लान जारी किया है, जो शनिवार सुबह 5:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान परेड स्थल की ओर किसी भी प्रकार का यातायात नहीं जाने दिया जाएगा। यातायात व्यवस्था के तहत बल्लूपुर से प्रेमनगर की ओर जाने वाले वाहनों को रांघडवाला तिराहे से मिठी बेरी मार्ग होते हुए प्रेमनगर की ओर भेजा जाएगा। वहीं प्रेमनगर से शहर की ओर आने वाले छोटे वाहनों को प्रेमनगर चौक से एमटी गेट के रास्ते अंदर ले जाकर मिठी बेरी गेट से रांघडवाला होते हुए शहर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

प्रशासन की आम जनता से अपील

इसके अलावा सेलाकुई और भाऊवाला की ओर से आने वाले भारी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला होते हुए नया गांव मार्ग से शहर की ओर भेजा जाएगा। वहीं देहरादून से विकासनगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शिमला बाईपास के रास्ते डायवर्ट कर विकासनगर धर्मावाला की ओर भेजा जाएगा। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करें, ताकि पासिंग आउट परेड का आयोजन सुचारु और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।