उत्तराखंड चमोलीSnowfall in Niti Valley of Chamoli

Uttarakhand Weather: गढ़वाल की नीती घाटी में शुरू हुई बर्फबारी, निचले इलाकों में भी बढ़ी ठिठुरन

चमोली जिले की नीती घाटी में आज दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बर्फबारी शुरू हो गई..

Snowfall in Niti Valley: Snowfall in Niti Valley of Chamoli
Image: Snowfall in Niti Valley of Chamoli (Source: Social Media)

चमोली: चमोली जिले की प्रसिद्ध नीती घाटी की ऊंची चोटियों पर आज सीजन की ताज़ी बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने के बाद निति घाटी समेत आसपास के निचले क्षेत्रों में ठंड को और अधिक बढ़ा दिया है। आज रात तक बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।

Snowfall in Niti Valley of Chamoli

चमोली जिले में आज 8 दिसम्बर सोमवार सुबह से ही आसमान बादलों से ढका रहा, लगभग सुबह 10 बजे के आसपास मौसम साफ हुआ और धूप खिलने लगी। लेकिन दोपहर बाद ऊंचाई वाले इलाके एक बार फिर घने बादलों से ढक गए और नीती घाटी में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था।

रात में भी बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, आज रात में भी ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। इस समय नीती घाटी के कई गांवों के निवासी अपने परंपरागत शीतकालीन प्रवास के लिए निचले इलाकों में लौट चुके हैं, जिसके कारण घाटी में आम दिनों की तुलना में जनसंख्या कम है। हालाँकि, सीमा की संवेदनशीलता को देखते हुए सेना और आईटीबीपी के जवान लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं और हर परिस्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही, क्षेत्र में मौजूद होम-स्टे संचालक भी अपने प्रतिष्ठानों की देखरेख के लिए वहीं रुके हुए हैं।

निचले इलाकों में तेज शीतलहर

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार कड़ी ठंड बढ़ रही है। ऊपरी इलाकों में बर्फबारी बढ़ने से निचले क्षेत्रों में भी शीतलहर का असर तेज महसूस किया जा रहा है। शाम ढलते ही तापमान में तेज गिरावट आने लगती है, जिससे कंपकंपाती ठंड लोगों को प्रभावित कर रही है। जनता को राहत पहुंचाने के लिए नगर पालिका और नगर पंचायतों ने नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था कर रखी है, ताकि लोग ठंड से बचाव कर सकें।