उत्तराखंड हरिद्वारTraffic plan issued for Diwali in Haridwar

हरिद्वार वाले ध्यान दें, दिवाली को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी.. 2 मिनट में पढ़िए गाइडलाइन

हरिद्वार में दिवाली के साथ बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने 17 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक के लिए विशेष यातायात प्लान लागू किया है।

Haridwar Traffic plan: Traffic plan issued for Diwali in Haridwar
Image: Traffic plan issued for Diwali in Haridwar (Source: Social Media)

हरिद्वार: दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान हरिद्वार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आठ दिन का विशेष यातायात प्लान लागू किया है। यह प्लान 17 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नो-एंट्री, वन-वे रूट और विशेष पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी।

Traffic plan issued for Diwali in Haridwar

जनपद हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को यातायात प्लान का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। हरिद्वार पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे नो-एंट्री और वन-वे नियमों का सख्ती से पालन करें, तथा अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर टोइंग कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपने ग्राहकों को दुकान के सामने वाहन खड़ा करने के बजाय नजदीकी पार्किंग स्थल का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।

ज्वालापुर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था

कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र में जटवाड़ा पुल से दुर्गा चौक, रेलचौकी, और सेक्टर-2 से भगतसिंह चौक तक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी और लोडिंग वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। बीएचईएल, सिंहद्वार-आर्यनगर चौक, दुर्गा चौक और रानीपुर मोड़ से आने वाले वाहनों के लिए ज्वालापुर इंटर कॉलेज, रेलवे स्टेशन पार्किंग, भगतसिंह चौक से सेक्टर-2 के बीच खाली स्थान, भाईचारा होटल के पास, डॉ. चंदेला अस्पताल के सामने पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। सेक्टर-2 बैरियर, दुर्गा चौक, रेलवे अंडरपास, श्रीराम चौक, घासमंडी चौक, रामलीला ग्राउंड और मैदानियान क्षेत्रों में विशेष पुलिस तैनाती रहेगी। यदि रानीपुर मोड़ पर ट्रैफिक दबाव बढ़ता है, तो बीएचईएल और सेक्टर-2 से आने वाले वाहनों को भगतसिंह चौक से टिबड़ी मार्ग होते हुए पुराने रानीपुर मोड़ की ओर वन-वे रूट से भेजा जाएगा। श्रीराम चौक से कटहरा बाजार तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

नगर कोतवाली क्षेत्र ट्रैफिक प्लान

सूखीनदी तिराहा से भीमगोड़ा बैरियर और पंतद्वीप से भीमगोड़ा बैरियर तक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक वाणिज्यिक लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वेदनिकेतन तिराहा से श्मशान घाट तक ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा का संचालन नहीं होगा। दूधाधारी व करपात्री चौक से आने वाले वाहनों के लिए ऋषिकुल मैदान को मुख्य पार्किंग स्थल बनाया गया है। भीमगोड़ा बैरियर, वेदनिकेतन तिराहा और पंतद्वीप प्रवेश द्वार पर सघन पुलिस चेकिंग की जाएगी। भीमगोड़ा की ओर जाने वाले ऑटो और चारपहिया वाहनों को सूखनदी तिराहा से करपात्री चौक होते हुए हाईवे मार्ग से भेजा जाएगा।

कनखल क्षेत्र में यातायात प्लान

थाना कनखल क्षेत्र में सिंहद्वार से जगजीतपुर चौकी तक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक सभी लोडिंग वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। कृष्णानगर पुलिया से प्रेमनगर चौक तक नहर पटरी मार्ग के किनारे खाली स्थानों को पार्किंग स्थल के रूप में उपयोग किया जाएगा। सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा और चौकी जगजीतपुर पर यातायात बैरियर स्थापित किए जाएंगे। ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर वाहनों को शंकर आश्रम, जहान्वी डेल और रामदेव पुलिया मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

रानीपुर क्षेत्र में ट्रैफिक प्लान

चिन्मय चौक से शिवालिकनगर चौक, बसपा तिराहा और सलेमपुर चौक तक सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी और छोटे लोडिंग वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रोशनाबाद और बीएचईएल से शिवालिकनगर आने वाले वाहनों के लिए चिन्मय डिग्री कॉलेज और सीआईएसएफ गेट के पास पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। शिवालिकनगर चौक और बसपा तिराहा पर पुलिस की विशेष चेकिंग व्यवस्था रहेगी।