हरिद्वार: हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र के दयाल एंक्लेव में चार दिन पहले छात्र सुमित चौधरी की गोली मारकर हत्या करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आपसी रंजिश के चलते मुख्य आरोपी सावन ने सुमित पर गोली चला दी थी।
Three accused arrested in Sumit Chaudhary murder case
जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार की रात करीब पौने आठ बजे दो युवकों ने छात्र सुमित चौधरी उर्फ पंछी (18) पुत्र पवन निवासी दयाल एनक्लेव जमालपुर कलां थाना कनखल को कालोनी के ही पार्क में बुलाया था। जहां पर सुमित को गोली मार दी गई। इसके बाद सुमित के साथी मौके पर पहुंचे और उसे घायल अवस्था में भूमानंद अस्पताल में ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा सुमित को मृत घोषित करते ही सुमित के दोस्त भी अस्पताल से फरार हो गए।
बैरागी कैंप क्षेत्र से तीन आरोपी गिरफ्तार
इसके बाद मृतक के भाई पुनीत चौधरी ने पुलिस को शिकायत देते हुए बताया कि सावन, कृष्णा और अन्य युवक इस घटना में शामिल थे। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी युवक पार्क में हथियार लेकर खेल रहे थे और इसी दौरान गोली चल गई। जिसके बाद एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, इलेक्ट्रॉनिक निगरानी के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। उसके बाद पुलिस ने बीते गुरुवार को सुरागों के आधार पर बैरागी कैंप क्षेत्र से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि आपसी विवाद के चलते उनके द्वारा सुमित की हत्या की गई।
पुराने विवाद में रंजिश के चलते हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्यआरोपी सावन ने अपने दोस्तों के सामने रिवॉल्वर में कारतूस डालकर कई बार फायरिंग करने की कोशिश की। एक बार तो उसने अपने साथी कृष्णा पर ही गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन सौभाग्यवश गोली नहीं चली। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुराने विवाद में रंजिश के चलते सुमित की गोली मारकर हत्या की थी। पुलिस ने गिरफ्तार किए आरोपियों के कब्जे से एक रिवॉल्वर, चार जिंदा कारतूस, बिना नंबर की बाइक और घटनास्थल से एक कारतूस का खोखा बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
सुमित चौधरी हत्याकांड की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रविंद्र शाह, एसएसआई नितिन चौहान, जगजीतपुर चौकी प्रभारी सुधांशु कौशिक, हेड कांस्टेबल सन्नी सिंह, कांस्टेबल सतेन्द्र सिंह रावत, कांस्टेबल प्रलव चौहान और कांस्टेबल उमेद सिंह शामिल थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
सावन, पुत्र हरि सिंह, निवासी जमालपुर कलां, कनखल, हरिद्वार
निशांत, पुत्र गोविंद, निवासी शांति बिहार कॉलोनी, ज्वालापुर, मूल निवासी ग्राम रणसुरा, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर,
कृष्णा, पुत्र तेजपाल, निवासी राजीव नगर कॉलोनी, लाल मंदिर, ज्वालापुर,