देहरादून: उत्तराखंड में क्रिकेट की सबसे बड़ी संस्था क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) में 8 पदाधिकारी के लिए नॉमिनेशन प्रक्रिया बीते 29 अगस्त से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज 30 अगस्त शाम 4 बजे तक चलेगी। आगामी 6 सितंबर को मतदान होगा।
Election for 8 posts in Uttarakhand Cricket Association
आपको बता दें कि बीते 15 अगस्त को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के कुल 8 पदों के लिए चुनाव की अधिसूचना जारी की गई थी। इसके बाद बीते 29 अगस्त सुबह 11 बजे से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया आज 30 अगस्त शाम चार बजे तक चलेगी। 31 अगस्त की सुबह 11 बजे ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी और उसी दिन सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उसी दिन शाम पांच बजे वैध उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी। उसके बाद 31 अगस्त से 2 सितंबर तक नामांकन पर आपत्ति दर्ज करने का समय रखा गया है। इसके बाद 1 सितंबर सुबह 11 बजे से 3 सितंबर शाम चार बजे तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे। 4 सितंबर को शाम तीन बजे अंतिम निर्वाचक नामावली और प्रत्याशियों की फाइनल लिस्ट प्रकाशित होगी। मतदान छह सितंबर को दोपहर 12 बजे से दो बजे तक होगा और उसी दिन शाम तीन बजे चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
UPL-2 की दृष्टि से महत्वपूर्ण चुनाव
मिजोरम के पूर्व मुख्य निर्वाचन अधिकारी, रिटायर्ड IAS सी शशांक को इस चुनाव की निगरानी के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ दो सहायक निर्वाचन अधिकारी वीपी आचार्य और विनोद भी शामिल रहेंगे। उत्तराखंड प्रीमियर लीग (UPL) सीजन-2 के आयोजन की दृष्टि से यह चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। सचिव महिमा वर्मा के नेतृत्व में UPL सीजन-1 भव्य तरीके से आयोजित किया गया था। उन्होंने उत्तराखंड के क्रिकेटरों को पहली बार एक बड़ा मंच उपलब्ध कराया था।
नया सचिव करेगा UPL-2 का आयोजन
लेकिन अब क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के बायलॉज के अनुसार, महिमा वर्मा अपने सचिव पद का अधिकतम कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं, इसीलिए वे इस बार सचिव पद पर नहीं रहेंगी। ऐसे में नए सचिव के लिए UPL-2 का सफल आयोजन पहली बड़ी चुनौती होगी। CAU में चुनावी प्रक्रिया बीते 29 अगस्त से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। नामांकन प्रक्रिया आज सुबह 11 बजे से शुरू हुई, जो 30 अगस्त शाम 4 बजे तक चलेगी। आगामी 6 सितंबर को मतदान होना है और उसी दिन शाम तक नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव के नतीजे तय करेंगे कि आने वाले सालों में उत्तराखंड क्रिकेट की दिशा और दशा कौन तय करेगा।