देहरादून: उत्तराखंड के कुछ जिलों में कल यानि सोमवार को भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट और कुछ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं दो जिलों में भारी बारिश अलर्ट के चलते सोमवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
All Schools Will Remain Closed in These Two District of Uttarakhand
उत्तराखंड में पर्वतीय जिलों से लेकर और मैदानी जिलों तक बीते 3 दिनों से चटख धूप खिली रही, आज रविवार को भी दोपहर तक गर्मी से लोगों का हाल बेहाल रहा। लेकिन आज शाम से प्रदेश के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ली और मूसलाधार बारिश हो गई। शाम को हुई भारी बारिश के कारण प्रदेश में कई सड़कों पर मलबा आ गया है। जिससे 39 सड़कें बंद हो गई हैं, उनमें से 34 सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों की हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बंद सड़कों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो कल सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार कल सोमवार 21 जुलाई को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में जमकर बारिश होने की संभावना है। विभाग ने प्रदेश के पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, चम्पावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में भारी बारिश के साथ ही बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। प्रदेश में आगामी कुछ दिनों के लिए भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
कल दो जिलों में स्कूल रहेंगे बंद
मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए देहरादून और पौड़ी गढ़वाल में जिला प्रशासन ने कल 21 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। वहीं मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि बिजली चमकने और गरज-चमक वाले मौसम में पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। मौसम अपडेट जानकर ही पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा का प्लान बनाएं। अपने वाहनों को तेज़ हवाओं और बारिश के बीच खुले में खड़ा न करें।