अल्मोड़ा: उत्तराखंड के लिए गौरवशाली पल है। उत्तराखंड से ताल्लुक रखने वाले प्रोफेसर प्रदीप कुमार जोशी को अहम जिम्मेदारी मिली है। प्रो. प्रदीप कुमार जोशी संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के अध्यक्ष बनाए गए हैं। पहाड़ के लाल को अहम जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। प्रो. प्रदीप कुमार जोशी मूलरूप से कुमाऊं के अल्मोड़ा जिले के रहने वाले हैं। उनका परिवार जोशीखोला में रहता है। जिले के लोगों ने संघ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर प्रो. जोशी की नियुक्ति को अल्मोड़ा के लिए गौरव बताया। यूपीएससी के नए अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार जोशी ने छह अगस्त को कार्यभार ग्रहण किया। उन्हें अरविंद सक्सेना की जगह यूपीएससी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रो. प्रदीप कुमार जोशी का कार्यकाल 12 मई 2021 तक रहेगा। चलिए अब आपको यूपीएससी के नए अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार जोशी के जीवन से जुड़ी खास बातें बताते हैं।
ये भी पढ़ें:
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: 4 जिलों को बड़ी राहत, अब शनिवार-रविवार को नहीं रहेगा लॉकडाउन..नया नियम जानिए
प्रो. प्रदीप कुमार जोशी के पिता स्व. कैलाश चंद्र जोशी सेना में कार्यरत थे। उनकी शिक्षा कानपुर में हुई। प्रो. प्रदीप कुमार जोशी ने अपने करियर की शुरुआत रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली से की थी। यहां वो कई सालों तक रीडर और प्रोफेसर के रूप में कार्य करते रहे। साल 2015 में वो यूपीएससी के सदस्य बने। इससे पहले वो मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं। कॉलेज के दिनों में प्रो. प्रदीप कुमार जोशी विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। उन्हें संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का अध्यक्ष बनाए जाने पर अल्मोड़ा क्षेत्र में जश्न का माहौल है। नगर पालिका के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने प्रो. प्रदीप कुमार जोशी की उपलब्धि को अल्मोड़ा के लिए सम्मान बताया।